ट्रेन में सिलेंडर लेकर 106 किमी का सफर, बिलासपुर स्टेशन पर पकड़ा गया युवक

बिलासपुर रेलवे स्टेशन में आरपीएफ ने एक युवक को घरेलू गैस सिलेंडर के साथ गिरफ्तार किया है। युवक ने यह सिलेंडर ट्रेन में रखकर करीब 106 किलोमीटर की दूरी तय की थी। देर रात स्टेशन पहुंचने के बाद उसने सिलेंडर को प्लेटफॉर्म पर छिपा दिया था, लेकिन सुबह बाहर निकालने की कोशिश करते समय वह पकड़ा गया।

घटना गुरुवार सुबह की है। आरपीएफ के जवानों ने बिलासपुर स्टेशन पर एक युवक को प्लास्टिक की बोरी लेकर बाहर जाते देखा। शक होने पर जब बोरी की जांच की गई, तो उसके अंदर इंडेन कंपनी का लाल रंग का गैस सिलेंडर मिला। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह रायगढ़ जिले के राबर्टसन रेलवे स्टेशन से सिलेंडर लेकर लोकल ट्रेन से बिलासपुर आया था।

आरोपी की पहचान खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम चपले निवासी शिव शंकर सारथी (21 वर्ष), पिता ननकी राम सारथी के रूप में हुई है। उसने बताया कि रात अधिक हो जाने के कारण उसने सिलेंडर प्लेटफॉर्म पर छिपा दिया था और सुबह भीड़ का फायदा उठाकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था।

आरपीएफ ने मामले में रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की है और जांच जारी है कि सिलेंडर को ट्रेन में लाने का उद्देश्य क्या था।

Scroll to Top