दक्षिण अफ्रीका में भीषण बाढ़: 78 लोगों की मौत, राष्ट्रपति रामाफोसा प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे दौरा

दक्षिण अफ्रीका के पूर्वी केप प्रांत में आई विनाशकारी बाढ़ से अब तक 78 लोगों की जान जा चुकी है। यह प्रांत देश के सबसे गरीब इलाकों में शामिल है। राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे, जहां राहत और बचाव अभियान चौथे दिन भी जारी है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है

राष्ट्रपति की यात्रा, आलोचनाओं के बीच

राष्ट्रपति रामाफोसा म्थाथा शहर जाएंगे, जहां मंगलवार सुबह आई बाढ़ ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है। उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब आपदा प्रबंधन में सरकार की प्रतिक्रिया को लेकर आलोचना हो रही है।

भीषण मौसम ने बढ़ाई मुसीबत

इस आपदा का कारण अत्यधिक खराब मौसम को माना जा रहा है। क्षेत्र में तीव्र बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर बर्फबारी भी हुई। मौसम विभाग ने पिछले हफ्ते ही खराब मौसम की चेतावनी जारी की थी।

संसाधनों की कमी से जूझ रहा प्रांत

पूर्वी केप प्रांत के प्रमुख ऑस्कर माबुयाने ने बताया कि 72 लाख की आबादी वाले इस प्रांत में मात्र एक ही बचाव हेलीकॉप्टर उपलब्ध है, जिसे 500 किलोमीटर दूर से मंगवाया गया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद शुरुआती घंटों में राहत कार्य ठप हो गया था, क्योंकि विशेष बचाव दल, गोताखोर और खोजी कुत्तों की कमी थी।

बाढ़ ने ली नींद में ही जान

बाढ़ सुबह के समय आई, जब अधिकांश लोग सो रहे थे। कई लोग पानी में बह गए, उनके घर और सामान तबाह हो गए। अधिकारियों का कहना है कि खोज अभियान जारी है और और शव मिलने की आशंका है, क्योंकि बचावकर्मी बाढ़ के पानी और मलबे में जाँच कर रहे हैं। मृतकों में कई बच्चे भी शामिल हैं।

Scroll to Top