रायपुर में आज गूंजेगी रूप कुमार राठौड़ की आवाज़: ‘साउंड ऑफ सोल’ सीजन 3 में देंगे लाइव परफॉर्मेंस, दो बार रद्द हुआ शो अब होने जा रहा है आयोजित

रायपुर के संगीत प्रेमियों के लिए रविवार की शाम खास होने जा रही है। मशहूर सिंगर रूप कुमार राठौड़ आज राजधानी के इनडोर स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम ‘साउंड ऑफ सोल’ सीजन 3 में लाइव परफॉर्म करेंगे। यह शो शाम 7 बजे से शुरू होगा।

🎵 दो बार टल चुका था शो, अब तीसरी बार हो रहा आयोजन

इस कार्यक्रम की तारीख पहले दो बार तय की गई थी, लेकिन दोनों ही मौकों पर आयोजन रद्द करना पड़ा। अब आखिरकार यह बहुप्रतीक्षित शो होने जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि यह सीजन विशेष रूप से देश के सैनिकों और सुरक्षा बलों को समर्पित है।

जिन दर्शकों ने 1 अक्टूबर के शो के लिए टिकट खरीदी थी, उन्हें दोबारा टिकट लेने की जरूरत नहीं है। वे सीधे कार्यक्रम स्थल पर पुराने टिकट को फ्री में एक्सचेंज कर सकते हैं।

🏟️ स्टेडियम न मिलने से 1 अक्टूबर का शो रद्द हुआ था

1 अक्टूबर को रूप कुमार राठौड़ रायपुर आने के लिए मुंबई एयरपोर्ट तक पहुंच चुके थे। लेकिन कार्यक्रम स्थल इनडोर स्टेडियम समय पर खाली नहीं हो पाया। यहां देर रात तक गरबा कार्यक्रम चलता रहा, और आयोजकों को स्टेडियम दोपहर 3 बजे के बाद ही मिला।
तैयारी के लिए पर्याप्त समय न मिलने के कारण शो रद्द करना पड़ा, जबकि उस समय तक करीब 400 टिकटें बिक चुकी थीं।

🎤 इससे पहले 24 अगस्त को भी रद्द हुआ था कार्यक्रम

इससे पहले 24 अगस्त को रूप कुमार राठौड़ का शो पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होना था, लेकिन उसी दिन सरकार की ओर से तीजा पोला तिहार का आयोजन वहीं तय हो गया। इस वजह से कार्यक्रम को टालना पड़ा।

❤️ सैनिकों को समर्पित संगीत संध्या

‘साउंड ऑफ सोल’ का यह सीजन न सिर्फ संगीत का उत्सव होगा, बल्कि देशभक्ति की भावना को भी समर्पित रहेगा। कार्यक्रम में रूप कुमार राठौड़ के साथ उनकी पत्नी और प्रसिद्ध ग़ज़ल गायिका सुनाली राठौड़ भी प्रस्तुति देंगी।
कार्यक्रम का मकसद वीर जवानों के बलिदान को नमन करना और लोगों के बीच देशप्रेम का संदेश फैलाना है।

Scroll to Top