बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) ने चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान में पहली बार आधुनिक वीडियो असिस्टेड थोरास्कोपिक सर्जरी (VATS) तकनीक के जरिए टीबी जनित प्लूरल इफ्यूजन (फेफड़ों के आसपास पानी भरने) से पीड़ित 57 वर्षीय मरीज का सफल ऑपरेशन किया गया। इस उपलब्धि के बाद अब फेफड़ों और छाती से जुड़ी कई जटिल बीमारियों का इलाज सिम्स में ही संभव होगा।
जानकारी के अनुसार, 57 वर्षीय मरीज पिछले तीन महीने से लगातार बुखार से पीड़ित था। शुरुआती इलाज निजी अस्पताल में किया गया, जहां उसे टाइफाइड की दवाइयां दी गईं, लेकिन बाद की जांच में दाहिने फेफड़े के आसपास पानी जमा होने की पुष्टि हुई। सिम्स के टीबी विभाग में भर्ती करने पर मरीज में टीबी जनित प्लूरल इफ्यूजन की पहचान हुई और उपचार शुरू किया गया। बार-बार पानी निकालने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने पर उसे जनरल सर्जरी विभाग भेजा गया।
इसके बाद टीबी, जनरल सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग की संयुक्त टीम ने पहली बार VATS तकनीक का उपयोग करते हुए सफल ऑपरेशन किया। सर्जरी के दौरान फेफड़े के आसपास जमा तरल पदार्थ निकाला गया, डिकॉर्टिकेशन किया गया और बायोप्सी भी की गई। ऑपरेशन सफल रहा और मरीज अब तेजी से स्वस्थ होकर नियमित फॉलो-अप पर है।
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने बताया कि VATS मशीन उपलब्ध होने के बाद यह संस्थान की पहली सफल सर्जरी है। पहले इस तरह के 10 से 12 मरीजों को हर महीने बड़े चिकित्सा संस्थानों में रेफर करना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा बिलासपुर में ही उपलब्ध रहेगी।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह के अनुसार, निजी अस्पतालों में इस सर्जरी पर लगभग 1 से 2 लाख रुपये तक का खर्च आता है, जबकि सिम्स में यह सुविधा शासकीय शुल्क पर तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को उपलब्ध कराई जाएगी। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि लगातार बुखार, सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ या फेफड़ों में पानी भरने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर जांच कराएं।
इस सफल सर्जरी को जनरल सर्जरी विभाग के डॉ. कोमल प्रसाद देवांगन, डॉ. विनोद तमकनंद और डॉ. सुशील पात्रे ने अंजाम दिया। उनके साथ जूनियर रेजिडेंट डॉ. ऋतेश, डॉ. गरिमा शर्मा, टीबी विभाग के डॉ. अनिल डरसेना एवं उनकी टीम तथा एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. मधुमिता मूर्ति और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

