53 करोड़ की फर्जी GST बिलिंग का खुलासा, मुख्य आरोपी विजय कुमार यादव गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ राज्य GST विभाग ने फर्जी बिलिंग और बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के बड़े मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी विजय कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। विभाग के अनुसार आरोपी ने करीब 53 करोड़ रुपये की फर्जी बिलिंग के जरिए 9.54 करोड़ रुपये की GST चोरी की। उसे 20 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था और अदालत ने 3 अगस्त तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विजय कुमार यादव ने मेसर्स माया स्टील एंड एंटरप्राइज और मेसर्स मायरा स्टील एंटरप्राइजेज के नाम से दो फर्मों का संचालन किया। इन फर्मों के माध्यम से बिना वास्तविक कारोबार के 53 करोड़ रुपये के फर्जी बिल जारी किए गए और 9.54 करोड़ रुपये का बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) विभिन्न फर्मों को ट्रांसफर किया गया।

जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी ने बंद हो चुकी और फर्जी कंपनियों से प्राप्त ITC का दावा कर उसका उपयोग अपनी GST देनदारी चुकाने में किया। विभाग के अनुसार 10 ऐसी फर्मों से, जिनका GST पंजीकरण रद्द हो चुका था या जो आपस में संबंधित थीं, ITC-02 के माध्यम से 6.13 करोड़ रुपये का फर्जी ITC ट्रांसफर किया गया, जबकि उनके बीच किसी प्रकार का वास्तविक विलय, डी-मर्जर या अमलगमेशन नहीं हुआ था।

इसके अलावा पंजाब सहित अन्य राज्यों की 9 ऐसी फर्मों से, जिनका GST पंजीकरण रद्द था या जो अस्तित्व में नहीं थीं, 1.99 करोड़ रुपये के फर्जी ITC का दावा किया गया। जांच के दौरान इन फर्मों से किसी भी प्रकार की वास्तविक माल आपूर्ति के प्रमाण नहीं मिले।

विभाग ने यह भी पाया कि बिना वास्तविक खरीद के GSTR-2B और GSTR-3B के बीच अंतर दिखाकर 1.41 करोड़ रुपये का अतिरिक्त इनपुट टैक्स क्रेडिट क्लेम किया गया और उसका लाभ लिया गया।

GST विभाग के मुताबिक आरोपी ने केवल अन्य फर्मों को ही 9.54 करोड़ रुपये का फर्जी ITC ट्रांसफर नहीं किया, बल्कि स्वयं भी समान राशि का गलत तरीके से ITC लाभ प्राप्त किया। बिना किसी वास्तविक खरीद-बिक्री के केवल कागजी बिलों के आधार पर लेनदेन दिखाकर शासन को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचाया गया।

राज्य GST विभाग ने बताया कि यह कार्रवाई फर्जी बिलिंग और बोगस ITC के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। मामले की जांच अभी जारी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Scroll to Top