1.13 करोड़ की निवेश ठगी का खुलासा: रायपुर पुलिस ने Wash & Wash ब्लैक मनी स्कैम में दो अंतरराज्यीय महिला आरोपियों को किया गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर पुलिस ने 1.13 करोड़ रुपये की निवेश ठगी का पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह की दो महिला आरोपियों को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बालोद निवासी और एक निजी कंपनी के डायरेक्टर उमेश कुमार सिन्हा को 45 करोड़ रुपये का निवेश दिलाने का झांसा दिया। बड़े अधिकारियों से मुलाकात, विदेशी निवेश, फाइल प्रोसेसिंग, विशेष केमिकल और तकनीकी परीक्षण जैसे बहाने बनाकर उनका विश्वास जीता गया। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में कुल 1.13 करोड़ रुपये ठग लिए गए।

तकनीकी जांच, मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने दोनों महिलाओं को नागपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि गिरोह “Wash & Wash Black Money Scam” के जरिए लोगों को काले नोटों को विशेष केमिकल से असली नोटों में बदलने का झूठा प्रदर्शन कर ठगी करता था। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, 26 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह नागपुर, लखनऊ समेत कई राज्यों में सक्रिय रहा है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Scroll to Top