रायपुर VIP चौक में बस से टकराई बाइक, युवक की मौके पर मौत: ड्राइवर हिरासत में, गलत तरीके से खड़ी थी बस

रायपुर के वीआईपी चौक में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां खड़ी कांकेर रोडवेज की बस से बाइक सवार युवक की टक्कर हो गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान महासमुंद निवासी ईश्वर साहू के रूप में हुई है।

मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे ईश्वर साहू अपनी बाइक (CG07BT4836) से महासमुंद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कांकेर रोडवेज प्राइवेट लिमिटेड की बस (CG04PB8100) सड़क किनारे गलत तरीके से खड़ी थी। तेज रफ्तार में जा रहे बाइक सवार की बस से टक्कर हो गई, जिससे उसका सिर फट गया और मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक को हिरासत में लिया। थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि ड्राइवर ने लापरवाहीपूर्वक बस खड़ी की थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

बीते कुछ महीनों में रायपुर और आसपास के इलाकों में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। केवल चार महीनों में 78 से ज्यादा दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें 28 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकतर हादसों की वजह तेज रफ्तार, लापरवाही और गलत पार्किंग बताई जा रही है।

Scroll to Top