राजधानी रायपुर के चर्चित कल्चरल वेलनेस स्पा सेंटर डकैती कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने फरार आरोपी प्रथम अग्रवाल (32 वर्ष) को सिमगा से गिरफ्तार किया है। आरोपी से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बता दें कि यह वारदात 25 अक्टूबर की रात हुई थी, जब स्पा सेंटर में घुसकर आरोपियों ने संचालक और कर्मचारियों को बंधक बनाया था। उन्होंने गल्ले से 20 हजार रुपए नगद लूटे और कारोबारी को धमकाकर ATM से 50 हजार रुपए नगद और क्रेडिट कार्ड स्वाइप कर 50 हजार रुपए और निकलवाए थे। इस तरह कुल 1.20 लाख रुपए की डकैती को अंजाम दिया गया।

आठ आरोपियों ने मिलकर दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे आठ अज्ञात आरोपियों ने न्यू राजेंद्र नगर स्थित कल्चरल वेलनेस स्पा सेंटर में धावा बोला था। आरोपियों ने कर्मचारियों से मारपीट कर उन्हें बंधक बनाया और सेंटर का CCTV DVR भी साथ ले गए, ताकि वारदात के सबूत मिटाए जा सकें।
अब तक चार आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों—धनराज चौधरी उर्फ हनी, गुरविंदर सिंह और नवजोत सिंह भामरा—को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब चौथा आरोपी प्रथम अग्रवाल भी पकड़ में आ गया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने सिमगा में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि बाकी फरार आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। DVR की बरामदगी और बाकी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी ने कहा कि — “किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा। सभी को जल्द जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।”

