छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के मौके पर नवा रायपुर के सेंध तालाब के ऊपर आज भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम ने जबरदस्त एयर शो का आयोजन किया। कार्यक्रम सुबह 10:40 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चलेगा। इस दौरान हजारों की भीड़ जुटी और तेलीबांधा से सेंध लेक रोड तक करीब 5 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। यहां तक कि वीआईपी वाहन भी इस जाम में फंसे नजर आए।
इस शानदार शो में 9 हॉक एमके-132 फाइटर जेट्स ने एक साथ आसमान में उड़ान भरते हुए ‘बॉम्ब बर्स्ट’, ‘हार्ट इन द स्काई’ और ‘एरोहेड’ जैसी आकर्षक फॉर्मेशन पेश कीं।

शो की कमान ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी के हाथों में
टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी कर रहे हैं, जिन्होंने बताया कि ऐसे शो को सफल बनाने में अनुशासन और टीमवर्क की बड़ी भूमिका होती है। वे अब तक 50 से अधिक एयर शो कर चुके हैं।
छत्तीसगढ़ के ही स्क्वॉड्रन लीडर गौरव पटेल, जो महासमुंद जिले से हैं, भी इस टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा— “यह मेरे लिए गर्व का क्षण है कि मैं अपनी ही धरती पर उड़ान भर रहा हूं। जब हमारे जेट आसमान में तिरंगा बनाते हैं, तो अपने आप देशभक्ति की भावना जाग जाती है।”
‘वॉयस ऑफ द स्काई’ होंगी फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू
एयर शो के दौरान कमेंट्री की जिम्मेदारी फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि वे चाहती हैं छत्तीसगढ़ की बेटियां समझें कि महिला होना कमजोरी नहीं, बल्कि शक्ति है।
कंवल संधू दर्शकों और उड़ते विमानों के बीच सेतु बनेंगी ताकि लोगों तक हर रोमांचक पल की जानकारी पहुंच सके।

फ्लाइट्स री-शेड्यूल, रनवे 2 घंटे बंद
एयर शो के चलते रायपुर एयरपोर्ट में सुबह 10:40 से दोपहर 12 बजे तक नो-फ्लाइंग जोन लागू किया गया। इस दौरान किसी भी फ्लाइट की लैंडिंग या टेकऑफ नहीं हुई। दिल्ली, लखनऊ, भुवनेश्वर और हैदराबाद जाने वाली कुल 5 उड़ानें री-शेड्यूल की गई हैं।
हॉक एमके-132 जेट्स से हुआ प्रदर्शन
इस शो में इस्तेमाल किए गए हॉक एमके-132 जेट्स अत्याधुनिक ट्रेनर एयरक्राफ्ट हैं। ये जेट्स प्रशिक्षण के साथ-साथ युद्ध के समय भी सक्षम हैं, जिनमें 30 मिमी तोप और मिसाइलें लगाने की क्षमता होती है।
फ्री एंट्री और बस सुविधा
आम नागरिकों के लिए एयर शो में फ्री एंट्री रखी गई है। साथ ही रायपुर शहर से नवा रायपुर राज्योत्सव स्थल तक आने-जाने के लिए 4 और 5 नवंबर को फ्री बस सेवा भी उपलब्ध कराई गई है।
बसें सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न स्थानों से चलेंगी — जिनमें रायपुर रेलवे स्टेशन, तेलीबांधा चौक, साइंस कॉलेज और भाठागांव बस स्टैंड शामिल हैं।



