रायपुर में शारदा चौक से तात्यापारा तक सड़क चौड़ीकरण की लंबे समय से लंबित मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क पर आने-जाने वाले लोगों से हस्ताक्षर करवाकर समर्थन जुटाया और सरकार से जल्द काम शुरू करने की मांग की।
पूर्व महापौर एजाज ढेबर ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मुद्दे को लेकर कलेक्टर, मुख्यमंत्री, राज्यपाल और मंत्रियों तक बात रखी गई थी। उस समय आश्वासन दिया गया था कि कमेटी बनाकर दो महीने के भीतर मुआवजा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि हर बार राज्य और नगर निगम का बजट आने पर लोगों को उम्मीद होती है कि इस सड़क का चौड़ीकरण शुरू होगा, लेकिन अब तक केवल घोषणाएं ही हुई हैं और जमीन पर काम नजर नहीं आ रहा है। ढेबर ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार के भीतर ही इस मुद्दे को लेकर स्पष्टता नहीं है। एक ओर मंत्री फ्लाईओवर की बात कर रहे हैं, वहीं सांसद सड़क चौड़ीकरण के पक्ष में पत्र लिख रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष कुमार मेनन ने कहा कि उनकी सरकार के दौरान इस परियोजना के लिए बजट आवंटित कर प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। अब वर्तमान सरकार की जिम्मेदारी थी कि वह इसे आगे बढ़ाती, लेकिन बिना किसी स्पष्ट कारण के चौड़ीकरण के बजाय फ्लाईओवर की बात की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि तैयार डीपीआर होने के बावजूद प्रोजेक्ट में बदलाव किया जाना समझ से परे है। सरकार, नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय की कमी के कारण यह काम अटका हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द काम शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी अपनी परेशानी जाहिर की है। नयापारा निवासी प्रतीक तिवारी के अनुसार इस मार्ग पर रोजाना भारी जाम की स्थिति बनती है, खासकर शाम के समय हालात और खराब हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि कई बार एंबुलेंस भी समय पर नहीं निकल पाती, जिससे गंभीर स्थिति बन जाती है।
वहीं राहुल तिवारी ने कहा कि इस सड़क चौड़ीकरण की मांग पिछले कई वर्षों से की जा रही है और बजट भी स्वीकृत हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद काम शुरू नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर जनता को राहत देने में रुचि नहीं दिखा रही है।
कांग्रेस ने आम जनता से हस्ताक्षर अभियान में जुड़कर इस मांग को मजबूत करने की अपील की है और कहा है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

