रायपुर में प्रॉपर्टी टैक्स नहीं जमा करने वाले बकायेदारों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जोन-10 क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 14 बकायेदारों पर कार्रवाई की गई, जिनमें से 9 से अधिक व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया गया।

यह कार्रवाई निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम द्वारा की गई, जिसका नेतृत्व जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा ने किया। टीम ने रानी दुर्गावती (वार्ड 49), डॉ. राजेंद्र प्रसाद (वार्ड 52), बाबू जगजीवन राम (वार्ड 53), रवींद्रनाथ टैगोर (वार्ड 55) और लेफ्टिनेंट अरविंद दीक्षित वार्ड (56) में लंबे समय से टैक्स नहीं चुकाने वालों पर कार्रवाई की।
निगम अधिकारियों के अनुसार, सभी बकायेदारों को पहले डिमांड नोटिस, बिल और अंतिम चेतावनी जारी की गई थी, लेकिन भुगतान नहीं होने पर सीलिंग की कार्रवाई करनी पड़ी। कई स्थानों पर मौके पर ही दुकानों और कॉम्प्लेक्स को बंद कर दिया गया।
अभियान के दौरान कुछ बकायेदारों ने टैक्स जमा करने के लिए समय मांगा। पंचूराम साहू और लच्छूराम साहू ने 24 घंटे की मोहलत ली, जबकि कुछ अन्य बड़े बकायेदारों के परिसरों को दस्तावेजों में गड़बड़ी और बकाया के कारण तुरंत सील कर दिया गया।
निगम ने स्पष्ट किया है कि टैक्स नहीं चुकाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से समय पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की अपील की गई है, ताकि सख्त कार्रवाई से बचा जा सके।

