दंतेवाड़ा में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित कार 5 बार पलटी, 6 महीने की बच्ची समेत 8 लोग घायल

दंतेवाड़ा जिले में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां रायपुर से किरंदुल जा रही एक आर्टिका कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क से उतरकर खेत में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कार करीब 4 से 5 बार पलटी खाकर खेत में जाकर रुकी। इस हादसे में वाहन में सवार 8 लोग घायल हो गए, जिनमें एक 6 महीने की बच्ची भी शामिल है। घटना भांसी थाना क्षेत्र के दंतेवाड़ा-बचेली मार्ग की है।

जानकारी के अनुसार, कार में 3 महिलाएं, 2 पुरुष और 3 बच्चे सवार थे, जो रायपुर के भाठागांव इलाके के रहने वाले हैं और एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने किरंदुल जा रहे थे। हादसे के दौरान 6 महीने की मासूम बच्ची वाहन से बाहर जा गिरी और पेड़ में अटक गई, जिससे उसके सिर में चोट आई है।

घटना के बाद पास स्थित क्रशर प्लांट के कर्मचारी और मजदूर मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंची और सभी घायलों को तुरंत अपोलो अस्पताल बचेली में भर्ती कराया गया। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर कार के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।

Scroll to Top