राजधानी रायपुर में पुलिस कस्टडी से तीन नाबालिगों के फरार होने का मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में पकड़े गए ये नाबालिग पुलिस की चलती गाड़ी से कूदकर भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर एक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना बीरगांव क्षेत्र के शुभम मार्ट के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, उरला थाना की पुरानी गाड़ी खराब होने के कारण शनिवार को नई बोलेरो वाहन की व्यवस्था की गई थी, जिसमें 16 से 17 साल के तीन नाबालिगों को बाल न्यायालय ले जाया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि गाड़ी का दरवाजा बाहर से लॉक था, लेकिन अंदर से बिना चाबी के खुल जा रहा था। रास्ते में एक नाबालिग ने दरवाजा जांचा, जो आसानी से खुल गया। इसके बाद उसने अन्य साथियों को इशारा किया और तीनों चलती गाड़ी से कूदकर भाग निकले।
जैसे ही नाबालिग कूदे, ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक लगाया और पुलिसकर्मी उनके पीछे दौड़े, लेकिन आरोपी बीरगांव की घनी बस्तियों में घुसकर नजरों से ओझल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर एक को पकड़ लिया, जबकि दो की तलाश जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने इलाके में नाकेबंदी करवाई, लेकिन अब तक फरार नाबालिगों का कोई सुराग नहीं मिला है।
यह घटना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। इससे पहले भी कई मामलों में आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुके हैं, जिनमें अस्पताल, कोर्ट और थाने से भागने की घटनाएं शामिल हैं।

