Raipur में पुलिस ने गुरुवार शाम से देर रात तक बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कोतवाली डिवीजन के अंतर्गत कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और गंज थाना क्षेत्रों में पुलिस ने सड़कों पर उतरकर संदिग्ध लोगों की जांच की।
पुलिस ने अड्डेबाजी करने वाले, नशा करने वाले, वारंटियों और अवैध हथियार रखने वालों पर सख्त कार्रवाई की। कई जगहों पर शराब दुकानों के आसपास और सुनसान इलाकों में जांच की गई।
इस अभियान में अड्डेबाजी और नशाखोरी में शामिल 8 लोगों पर कार्रवाई की गई। सभी को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से 7 लोगों को जेल भेज दिया गया।

इसके अलावा पुलिस ने 2 फरार वारंटियों को भी गिरफ्तार किया। साथ ही 8 जमानती वारंट और 7 गिरफ्तारी वारंट भी पूरे किए गए।
चेकिंग के दौरान गंज थाना पुलिस ने तेलघानी नाका चौक के पास एक युवक को पकड़ा, जिसके पास से एक अवैध चाकू मिला। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने ई-रिक्शा और अन्य वाहनों की भी जांच की। अधिकारियों ने कहा कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी

