Bilaspur सेंट्रल जेल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मस्तूरी गोलीकांड के आरोपी जेल में रहते हुए भी सोशल मीडिया पर एक्टिव नजर आए। उनके रिश्तेदार और दोस्त मुलाकात के दौरान मोबाइल फोन ले जाकर वीडियो बनाते दिखे, जो बाद में इंस्टाग्राम पर वायरल हो गया।
वीडियो में आरोपियों को एक गाने के साथ दिखाया गया है, जिसमें “सीधा ठोक दू शहर में जो दादा बनता…” जैसे बोल शामिल हैं। यह वीडियो कथित तौर पर जेल के मुलाकाती कक्ष में बनाया गया है।

मामला मस्तूरी क्षेत्र की उस फायरिंग घटना से जुड़ा है, जिसमें पुरानी रंजिश और वर्चस्व को लेकर गोलीबारी हुई थी। इस घटना में कई लोग शामिल थे और पुलिस ने अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इनमें एक नाबालिग को बाल संरक्षण गृह में रखा गया है।
आरोपियों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर एक इंस्टाग्राम आईडी से अपलोड किया गया, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब बनाया गया था। इसी अकाउंट से पहले भी गैंग से जुड़े वीडियो पोस्ट किए गए थे।
इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि जेल में मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद मुलाकात के दौरान वीडियो बनना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है।
जेल प्रशासन ने कहा है कि इस मामले की जांच की जा रही है और वीडियो बनाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
पुलिस के अनुसार इस मामले में दो आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

