रायपुर में नशा करने से रोकने पर परिवार पर चाकू से हमला, पति-पत्नी और बेटा घायल

राजधानी Raipur के पारस नगर इलाके में देर रात एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घर के सामने नशा करने से रोकने पर आरोपियों ने एक ही परिवार के तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में पति-पत्नी और उनका बेटा घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी साहिल खान और उसके पिता इस्माइल इलाके में नशा कर रहे थे। स्थानीय निवासी अरुण साहू ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया।

हमले में अरुण साहू, उनकी पत्नी रजनी साहू और बेटे अनुज साहू घायल हो गए। बताया जा रहा है कि अरुण साहू और उनके बेटे अनुज की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी सेंट्रल और एसीपी कोतवाली समेत वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल खान और उसके पिता इस्माइल को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Scroll to Top