रायपुर: राजधानी में सुरक्षा कड़ी करने के लिए पुलिस ने देर रात विशेष अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर शहर के सभी थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाई गई, ताकि अपराध को होने से पहले ही रोका जा सके।
28-29 जनवरी की रात अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में विभिन्न इलाकों में गश्त की गई। इस दौरान थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की।

23 संदिग्ध पकड़े गए
- सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी करने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल कुल 23 लोगों को पकड़ा गया।
- इनमें कुछ लोग दोपहिया और चारपहिया वाहनों में सवार थे।
- तलाशी के दौरान आरोपियों के पास 3 चाकू और 1 तलवार बरामद हुई।
- हथियार जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
- अड्डेबाजों को पुलिस ने समझाइश देकर छोड़ दिया।
चेक पोस्ट और सघन जांच
- आजाद चौक और अन्य इलाकों में रात 12 बजे से 3 बजे तक मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर संदिग्धों और वाहनों की जांच की गई।
- बस स्टैंड, रजबंधा मैदान, बोरियाखुर्द कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में भी लगातार अपराध में शामिल लोगों की पहचान और चेकिंग की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात्रि गश्त और सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

