रायपुर में पता पूछने और लिफ्ट मांगने के बहाने मोबाइल झपटमारी, 5 मोबाइल के साथ आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। सरस्वती नगर थाना पुलिस ने कोटा क्षेत्र में राहगीरों से मोबाइल झपटमारी करने के मामले में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पता पूछने और लिफ्ट मांगने का बहाना बनाकर राहगीरों को रोकता था और मौका मिलते ही मोबाइल झपटकर फरार हो जाता था। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कुल 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 48 हजार रुपये बताई गई है। इनमें आरोपी हरेश नायक के कब्जे से 3 मोबाइल और विधि से संघर्षरत बालक के पास से 2 मोबाइल बरामद हुए।

मामले की शुरुआत 22 सितंबर 2026 की रात हुई घटना से हुई। पुलिस के मुताबिक, कोटेश्वर नगर निवासी एक व्यक्ति का मोबाइल सरस्वती नगर रेलवे फाटक के पास झपट्टा मारकर छीन लिया गया था। शिकायत के आधार पर 30 सितंबर को थाना सरस्वती नगर में BNS की धारा 304(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सरस्वती नगर रेलवे स्टेशन और कोटा क्षेत्र के आसपास दो युवक सस्ते दामों में मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा।

पूछताछ में पुलिस ने आरोपियों से तीन अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी मिलने का दावा किया है। इनमें 22 सितंबर को साइकिल सवार से पता पूछने के बहाने मोबाइल झपटना, 24 सितंबर की रात लिफ्ट मांगने के बहाने मोटरसाइकिल सवार के वाहन के हैंडल से मोबाइल छीनना और सरस्वती नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बैठे लोगों से तीन मोबाइल झपटने की बात शामिल है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरेश नायक पिता भुरूम नायक, उम्र 20 वर्ष, निवासी मोतीलाल नगर, कोटा, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रात के समय सुनसान इलाकों में अनजान लोगों से सतर्क रहें और मोबाइल को शर्ट की ऊपरी जेब या वाहन के हैंडल पर खुले में न रखें। साथ ही बिना बिल के सस्ते मोबाइल खरीदने से बचने और मोबाइल झपटमारी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

Scroll to Top