रायपुर में सनसनी: मेटल पार्क रोड किनारे मिले मानव शरीर के अंग, 15 दिन से लापता दिलीप वर्मा की पहचान

रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित मेटल पार्क रोड के किनारे मानव शरीर के अंग मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दिलीप कुमार वर्मा (उम्र 50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिछले 15 दिनों से लापता थे।

परिजनों द्वारा उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले विधानसभा थाना में दर्ज कराई गई थी। जानकारी के अनुसार दिलीप वर्मा दिन में घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। वे सड्डू क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे।

सड़क किनारे पड़े मिले शरीर के हिस्से

21 मार्च को स्थानीय लोगों ने मेटल पार्क रोड के किनारे सड़े-गले अवस्था में मानव शरीर के अंग देखे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने आसपास का क्षेत्र घेरकर जांच शुरू की।

इन चीजों से हुई पहचान

घटनास्थल से बाल, कड़ा, कपड़े, माला-ताबीज और एक डायरी बरामद हुई, जिनके आधार पर मृतक की पहचान दिलीप कुमार वर्मा के रूप में की गई।

फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर

सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल पर रायपुर पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें डीसीपी मयंक गुर्जर, डीसीपी आकाश मरकाम, एएसपी (लाम्हा) तथा खमतराई थाना प्रभारी राजेश सिंह शामिल हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि लापता होने के बाद मृतक यहां तक कैसे पहुंचे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग मामले को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

रायपुर में खौफनाक वारदात: सड़क किनारे मिले शव के टुकड़े, 15 दिन से लापता व्यक्ति की पहचान

Scroll to Top