छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होने वाले दो बड़े IPL मुकाबलों को लेकर क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर सामने आई है। 10 और 13 मई को होने वाले हाईवोल्टेज मैचों के टिकट मई के पहले सप्ताह से उपलब्ध हो सकते हैं। हालांकि, इस पर आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।

जानकारी के अनुसार, दोनों मुकाबले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की मेजबानी में खेले जाएंगे। 10 मई को RCB का सामना मुंबई इंडियंस से होगा, जबकि 13 मई को RCB और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच खेला जाएगा। दोनों मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
टिकट केवल RCB की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन बुक किए जा सकेंगे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टिकटों की कीमत लगभग 2000 रुपये से शुरू हो सकती है। इसके बाद 2500, 3500, 5000 और 8000 रुपये तक की विभिन्न श्रेणियां होंगी।
प्लैटिनम सीटिंग एरिया में भी बदलाव किया गया है, जहां दर्शकों की सुविधा के लिए सामने लगे कांच के पैनल हटा दिए गए हैं, ताकि दर्शक खिलाड़ियों को अधिक नजदीक से देख सकें। हालांकि सुरक्षा कारणों से मैच के बाद ये पैनल फिर से लगाए जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, RCB की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और यहां लगभग 6 दिन तक रुककर अभ्यास करेगी। वहीं मुंबई इंडियंस टीम के भी 8 मई के बाद पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

