बिलासपुर में 20 से ज्यादा नकाबपोशों का परिवार पर हमला, घर के सामने विवाद के बाद लाठी-डंडों से पिटाई, 4 महिलाएं घायल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में देर रात एक गंभीर हिंसक घटना सामने आई, जहां 20 से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक और चार महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें से गंभीर रूप से घायल युवक को रायपुर रेफर किया गया है।

यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा इलाके की है। पीड़ित सनत सारथी के अनुसार, वह रात करीब 12 बजे खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था, तभी विक्की अहिरवार अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी ने मिलकर अचानक हमला कर दिया।

हमले में सनत सारथी के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी रेखा सारथी भी घायल हो गईं। इसके अलावा बेदू विश्वकर्मा, सोनी सिंह ठाकुर और तिलक दास मानिकपुरी को भी चोटें आई हैं। आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं के साथ भी मारपीट की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दो दिन पहले इसी इलाके में एक विवाद हुआ था, जब आरोपियों ने पीड़ित परिवार के घर के सामने पेशाब किया था। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से हमला किया।

पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें 20 से ज्यादा नकाबपोश युवक लाठी-डंडों के साथ आते और हमला करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Scroll to Top