Raipur में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण, 16 सिलेंडर के साथ किराना कारोबारी गिरफ्तार

राजधानी रायपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। खमतराई थाना पुलिस ने मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर छापा मारकर आरोपी के पास से 16 इंडियन गैस सिलेंडर बरामद किए।

पुलिस के अनुसार जब्त सिलेंडरों की कीमत लगभग 64 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय साव (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो किराना व्यवसाय से जुड़ा हुआ है।

सूचना मिली थी कि बंजारी मंदिर के आसपास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर जमा कर उन्हें अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी में है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को सिलेंडरों के साथ पकड़ लिया।

जांच के दौरान पुलिस ने सिलेंडरों के भंडारण और बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी रावाभाठा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग नंबर-1 में “संतोष किराना स्टोर” संचालित करता है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई नॉर्थ जोन के पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए खाद्य विभाग को भी सूचना भेजी जाएगी।

Scroll to Top