रायपुर पुलिस ने सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संडे नाइट विशेष चेकिंग अभियान चलाया। शहर के 8 प्रमुख पॉइंट्स पर सरप्राइज रैंडम चेकिंग के दौरान 159 वाहन चालक नशे की हालत में ड्राइव करते हुए पकड़े गए। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है, इससे पहले अधिकतम 154 केस दर्ज हुए थे।
साल 2026 के पहले तीन महीनों में ही रायपुर पुलिस ने नशे में वाहन चलाने के 1,580 मामलों में कार्रवाई की, जो साल 2025 के पूरे 1,537 मामलों के रिकॉर्ड को पार कर गया। पुलिस अब सभी आरोपियों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड कराने के लिए RTO को प्रस्ताव भेजने की तैयारी कर रही है।

इस अभियान का निर्देशन पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और डीसीपी विकास कुमार कर रहे हैं। चेकिंग के दौरान ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल चालान काटने के लिए नहीं, बल्कि सड़क हादसों में होने वाली मौतों को रोकने के लिए की जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं। वाहन चालकों को हमेशा सीट बेल्ट और दोपहिया पर हेलमेट का उपयोग करना चाहिए। बच्चों को किसी भी हालत में वाहन न चलाने दें। आने वाले दिनों में इस अभियान को लगातार जारी रखने की योजना है।

