रायपुर। राजधानी में इवनिंग वॉक पर निकली एक महिला के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के वॉल्फोर्ट सिटी के पास की है। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद ऑटो से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया।
वॉक के दौरान झपटी चेन
वॉल्फोर्ट सिटी निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि 27 फरवरी की शाम वह सोसाइटी के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान एक युवक अचानक पास आया और उनके गले से सोने की चेन खींचकर भाग निकला। महिला जब तक शोर मचातीं, आरोपी मौके से फरार हो चुका था।
घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद पीड़िता ने 28 फरवरी को पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई।

CCTV से मिली सुराग, खम्हारडीह से गिरफ्तारी
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और खम्हारडीह इलाके में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से लूटी गई 14.8 ग्राम सोने की चेन बरामद कर ली गई है।
आदतन अपराधी निकला आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक का नाम रितेश नेताम है। वह पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और कुछ दिन पहले ही जेल से रिहा हुआ था। उसके खिलाफ तेलीबांधा, सिविल लाइन और माना थाना क्षेत्रों में चोरी, लूट, मारपीट और नकबजनी के आधा दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

