छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक सड़क हादसे के बाद 2 युवकों की मौत हो गई और उनके शवों को अस्पताल ले जा रहे युवक की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों ने इस घटना के बाद थाने का घेराव किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
घटना धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, खम्हार निवासी आशीष राठिया अपने साथी सरोज भोय के साथ धर्मजयगढ़ में दशहरा देखने के बाद बाइक से लौट रहे थे। रात लगभग 1 बजे नकना और खम्हार के बीच उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे सरोज भोय और पीछे बैठे आशीष राठिया की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, नरेश कुमार राठिया, जो गांव का ही निवासी था, अटेंडर बनकर दोनों शवों को संजीवनी 108 एम्बुलेंस से धर्मजयगढ़ सिविल अस्पताल ले जा रहा था। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर नरेश गायब पाया गया। करीब 20 मिनट बाद डायल 112 की टीम ने उसे भंवरखोल के पास सड़क किनारे घायल अवस्था में पाया और तुरंत अस्पताल लाया। इलाज के दौरान नरेश की भी मौत हो गई।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने सुबह धर्मजयगढ़ थाना का घेराव किया और युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस ने मौके पर जाकर ग्रामीणों को समझाइश दी और मामला शांत हुआ।
एएसआई एसके वर्मा ने बताया कि नरेश को मुख्य मार्ग पर घायल अवस्था में पाया गया। थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव ने कहा कि एम्बुलेंस का दरवाजा दोनों ओर से खुलता है, इसलिए संभव है कि वह चलती एम्बुलेंस से गिर गया हो, या कोई अन्य कारण हो सकता है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और मृतकों के परिजनों को आश्वासन दिया गया है कि संपूर्ण घटना की निष्पक्ष छानबीन की जाएगी।

