छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक महिला दीक्षा कोसरे (24) से उसके बॉयफ्रेंड उमाशंकर भारती ने 8 लाख रुपए वसूले। आरोपी ने AI से अश्लील वीडियो बनाने और वायरल करने की धमकी देकर महिला से उसके भाई की बीमा राशि भी हड़प ली। पैसे देने के बाद भी वह लगातार और रकम की मांग करने लगा और न देने पर जान से मारने की धमकी दी। मामला भिलाई-03 थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता ने बताया कि उनकी जान-पहचान उमाशंकर से फरवरी 2021 में हुई थी और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। 25 मई 2024 को दीक्षा के भाई यशवंत कोसरे की मृत्यु हो गई, और उन्हें भाई की बीमा राशि के रूप में लगभग 8 लाख रुपए मिले। इसी रकम को लेकर आरोपी ने उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
उमाशंकर ने वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम के माध्यम से पैसों की मांग की और AI तकनीक का उपयोग कर अश्लील वीडियो बनाने की धमकी दी। डर और मानसिक प्रताड़ना से ग्रस्त होकर दीक्षा ने पैसे ऑनलाइन और ऑफलाइन तरीके से दे दिए। इसके बावजूद आरोपी ने पैसों की मांग जारी रखी और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने शुक्रवार को थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 308(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। दीक्षा का कहना है कि आरोपी ने उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से बर्बाद कर दिया और वह चाहती हैं कि उसे कड़ी सजा मिले, ताकि कोई अन्य महिला ऐसी स्थिति का शिकार न हो।
पुलिस ने बताया कि इस तरह के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जहां सोशल मीडिया और AI तकनीक के माध्यम से महिलाओं को डराकर पैसे वसूले जा रहे हैं। लोगों को ऐसी स्थिति में तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

