छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सिंधी समाज ने जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। समाज के सैकड़ों सदस्य मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और SP दिव्यांग पटेल को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि अमित बघेल ने एक मीडिया प्लेटफॉर्म पर समाज के इष्ट देव भगवान झूलेलाल और भगवान वरुण देव के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की है। यह बयान समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि बघेल ने सिंधी समाज को “पाकिस्तानी” कहकर अपमानित किया है। साथ ही उन्होंने हिंदू समाज के आस्था प्रतीक महाराजा अग्रसेन, श्यामाप्रसाद मुखर्जी, और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महान व्यक्तित्वों पर भी अभद्र टिप्पणियां की हैं।
समाज के लोगों का कहना है कि ऐसे बयान से न केवल सिंधी समाज बल्कि देशभर के करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो समाज उग्र आंदोलन करने पर विवश होगा।
SP दिव्यांग पटेल ने बताया कि समाज के लोगों द्वारा ज्ञापन सौंपा गया है। पुलिस आवेदन की जांच कर रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

