रायगढ़ में सस्ती और देशी शराब की कमी, पसंदीदा ब्रांड के लिए भटक रहे लोग

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इन दिनों देशी और सस्ती शराब की कमी से शराब प्रेमियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिले की कई शराब दुकानों में पर्याप्त स्टॉक नहीं पहुंचने के कारण लोग अपनी पसंद की शराब के लिए एक दुकान से दूसरी दुकान भटक रहे हैं। यह समस्या पिछले कई दिनों से बनी हुई है।

जिले में कुल 37 शराब दुकानें संचालित हैं, जिनमें 2 प्रीमियम, 15 कंपोजिट, 9 देशी और 11 अंग्रेजी शराब दुकानें शामिल हैं। शहर के सिग्नल चौक, बड़पारा, पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड, विजयपुर और पहाड़ मंदिर रोड स्थित दुकानों में सबसे ज्यादा बिक्री होती है।

जानकारी के अनुसार अप्रैल महीने से देशी शराब, गोवा ब्रांड और कम कीमत वाले क्वार्टर एवं हाफ बोतलों की सप्लाई प्रभावित है। इसके चलते कम दाम में शराब खरीदने वाले ग्राहकों को काफी दिक्कत हो रही है।

कई दुकानों में केवल महंगी शराब की बोतलें उपलब्ध हैं, जबकि कहीं सिर्फ महंगे क्वार्टर ही बिक रहे हैं। ऐसे में सस्ती शराब पसंद करने वाले लोगों को मजबूरी में महंगे ब्रांड खरीदने पड़ रहे हैं।

बीयर के शौकीनों को भी उनकी पसंद के ब्रांड नहीं मिल पा रहे हैं। लोग लगातार अलग-अलग दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं।

शराब खरीदने पहुंचे मंतोष चौहान ने बताया कि वह गोवा ब्रांड की शराब लेने आए थे, लेकिन स्टॉक खत्म होने के कारण उन्हें दूसरी दुकान जाना पड़ रहा है। वहीं अशोक नाम के ग्राहक ने कहा कि कई दुकानों में घूमने के बावजूद मनपसंद शराब नहीं मिल रही है।

मामले में जिला आबकारी अधिकारी क्रिस्टोफर खलखो ने कहा कि नई नीति और प्लास्टिक बोतलों के सेटअप में बदलाव के कारण सप्लाई प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि एक-दो सप्ताह के भीतर स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है और लोगों को जल्द उनकी पसंद की शराब मिलने लगेगी।

Scroll to Top