भिलाई में रिश्वत लेते ट्रैफिक SI का VIDEO वायरल, 200 रुपए लेते दिखा अधिकारी

दुर्ग जिले के भिलाई से पुलिस विभाग से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर युवक से चालान के बदले 200 रुपए लेते दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में एक कॉन्स्टेबल धारा 307 के आरोपी से हाथ मिलाते और गले लगते नजर आ रहा है।

पहला मामला दुर्ग ट्रैफिक विभाग से जुड़ा है। वायरल वीडियो में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर महेश्वर देवांगन युवक से पैसे लेते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में यह भी सुनाई दे रहा है कि अधिकारी युवक को पैसे गिनने के लिए कह रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक एसआई महेश्वर देवांगन को लाइन अटैच कर दिया है। ट्रैफिक टीआई टीडी चंद्रा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वीडियो सामने आने के बाद विभागीय कार्रवाई की गई है।

वहीं दूसरा वीडियो पावर हाउस रेलवे स्टेशन के सामने का बताया जा रहा है। इसमें छावनी थाना में पदस्थ कॉन्स्टेबल प्रमोद साहू एक युवक से हाथ मिलाते और गले लगते नजर आ रहे हैं। युवक की पहचान बाबू खान के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक बाबू खान के खिलाफ जामुल थाना में धारा 307 के तहत मामला दर्ज है और वह फिलहाल जमानत पर बाहर है। बताया जा रहा है कि वह पहले भी जेल जा चुका है।

हालांकि दूसरे वीडियो को लेकर अब तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और न ही किसी तरह की कार्रवाई की पुष्टि हुई है।

Scroll to Top