छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक शादी समारोह के दौरान जीजा ने अपने बड़े साले को बांस के डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान साले की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और उसे जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, पंचराम निषाद (43) अपने परिवार के साथ ग्राम कुजेमुरा में जाति समाज के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। 14 मार्च की रात घर जाने को लेकर उनका अपने बड़े साले झस्केतन निषाद (49) से विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर पंचराम ने झस्केतन पर बांस के डंडे से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें पहले उर्जानगर के जिंदल अस्पताल में भर्ती कराए, फिर हालत गंभीर होने पर रायपुर के आरोग्य अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 19 मार्च को उनकी मौत हो गई।
मामले की जांच तमनार पुलिस ने शुरू की। गवाहों और सबूतों के आधार पर पुलिस ने पाया कि पंचराम ने जान से मारने की नीयत से हमला किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को हुंकराडीपा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया और घटना में इस्तेमाल बांस का डंडा भी बरामद हुआ।
अंततः आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

