रायगढ़ में सरकारी जमीन पर अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग, पर्यावरण और खेतों को नुकसान

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सरकारी जमीन पर उद्योगों से निकलने वाली फ्लाई ऐश की अवैध डंपिंग के आरोप सामने आए हैं। खरसिया ब्लॉक के नवापारा क्षेत्र में खसरा क्रमांक 311/1 की शासकीय भूमि पर सरडा एनर्जी कंपनी बिना अनुमति के नियमों का उल्लंघन करते हुए फ्लाई ऐश डंप कर रही है। इस अवैध गतिविधि से आसपास के खेत प्रभावित हो रहे हैं और क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है।

भाजपा युवा मंडल अध्यक्ष भोलू उरांव ने नायब तहसीलदार को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। आवेदन में यह भी कहा गया कि ट्रांसपोर्टर, उद्योग प्रबंधन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत की आशंका है और उच्च अधिकारियों को गुमराह करने के लिए गलत जानकारी दी जा रही है।

भोलू उरांव ने मांग की कि सरकारी जमीन पर हो रही अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग तुरंत रोकी जाए और आसपास की अन्य भूमि पर भी रोक लगाई जाए। साथ ही, संलिप्त उद्योग प्रबंधन, ट्रांसपोर्टर और अधिकारियों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने बताया कि अवैध फ्लाई ऐश के परिवहन और खुले में डंपिंग से आवागमन में परेशानी हो रही है और सटी कृषि भूमि भी प्रभावित हो रही है। पहले भी शिकायत के बाद डंपिंग रोकी गई थी, लेकिन कुछ समय बाद यह गतिविधि फिर से शुरू हो गई।

Scroll to Top