छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक ग्रामीण ने पुलिसकर्मी पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम कुरमापाली निवासी बद्रिका साहू (47) सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी आपबीती बताई। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल की रात करीब 10 बजे वह अपने घर के बाहर बैठे थे, तभी पुसौर थाना में पदस्थ आरक्षक डोलनारायण साहू अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे।
आरोप है कि आरक्षक ने बिना किसी वजह के गाली-गलौज शुरू कर दी और वर्दी का रौब दिखाते हुए डंडे से मारपीट की, जिससे पीड़ित को चोटें आईं। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित के अनुसार, जब उसकी पत्नी विशाखा साहू और बेटी वेदकुमार बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया।
बद्रिका साहू का कहना है कि उन्होंने पहले कोतरा रोड थाना में भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि आरोपी लगातार उन्हें धमका रहा है।
अब पीड़ित ने कलेक्टर से न्याय की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।

