त्योहारी सीजन में खाने-पीने की चीजों में मिलावट रोकने के लिए प्रदेशभर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। पहली बार मैजिक बॉक्स तकनीक का उपयोग करके बाजारों में ऑन-स्पॉट जांच की जा रही है। इस अभियान के लिए विभाग ने 35 से अधिक टीमों और 8 मोबाइल टेस्टिंग लैब्स को सक्रिय किया है।
खाद्य विभाग का लक्ष्य इस बार 1200 से अधिक सैंपल जांचना है, जो अब तक का सबसे बड़ा अभियान है। हर टीम को प्रतिदिन लगभग 20 सैंपल जांचने का टारगेट दिया गया है। मोबाइल वैन की मदद से दुकानों और बाजारों में जाकर मिलावटी सामान को तुरंत जब्त और नष्ट किया जाएगा।
त्योहारी सीजन में मिलावट रोकने के लिए खाद्य विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 9340597097 जारी किया है। इस नंबर पर सप्ताह के सातों दिन, 24 घंटे शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। कंट्रोल रूम से यह भी मॉनिटर किया जा रहा है कि शिकायतों का समाधान सही समय पर हो रहा है या नहीं।
मैजिक बॉक्स क्या है
मैजिक बॉक्स एक पोर्टेबल किट है, जो खाद्य सामग्री में मिलावट की पहचान करती है। इसके जरिए मिठाई में कृत्रिम रंग, तेल में हानिकारक रसायन, दूध में डिटर्जेंट या स्टार्च जैसी मिलावट तुरंत पकड़ी जा सकती है।
एक यूनिट तीन जिले कवर करेगी
प्रत्येक मोबाइल यूनिट को तीन जिलों का कवरेज दिया गया है। छोटे जिलों के लिए एक यूनिट रखी गई है। उदाहरण के लिए:
- रायपुर, धमतरी और गरियाबंद के लिए एक यूनिट
- बेमेतरा, बालोद, दुर्ग और राजनांदगांव के लिए एक यूनिट
- मोहला मानपुर, खैरागढ़ और कबीरधाम के लिए एक यूनिट
- बिलासपुर संभाग में तीन-तीन जिलों पर एक-एक यूनिट
बाजारों में लगातार कार्रवाई
प्रदेशभर में 35 से अधिक टीमें लगातार जांच कर रही हैं। हर छोटे-बड़े बाजार में जाकर मिलावटी उत्पादों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
— दीपक अग्रवाल, फूड एंड ड्रग कंट्रोलर

