कुम्हारी ब्रिज पर आज से वन-वे ट्रैफिक लागू, नया रूट प्लान जारी

दुर्ग-भिलाई से रायपुर के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए जरूरी सूचना है। नेशनल हाईवे-53 पर कुम्हारी टोल के पास खारून नदी पर बने पुल की मरम्मत का काम आज से शुरू हो गया है। इसके चलते अगले एक महीने तक इस मार्ग पर यातायात वन-वे रहेगा।

रायपुर और दुर्ग पुलिस के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर नया ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। इस मार्ग से प्रतिदिन लगभग डेढ़ लाख वाहन गुजरते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन सकती है। यातायात को नियंत्रित करने के लिए 44 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

दुर्ग से रायपुर आने के लिए वैकल्पिक मार्ग:
एयरपोर्ट, नया रायपुर, मंत्रालय, पुलिस मुख्यालय, आरंग और अभनपुर जाने वाले वाहन चालक सेलूद–पाटन–अभनपुर मार्ग का उपयोग करें।
दुर्ग, भिलाई, रिसाली और उतई से आने वाले लोग सेलूद–फूंडा–जामगांव–मोतीपुर–अमलेश्वर होकर रायपुर पहुंच सकते हैं।
चरोदा, कुम्हारी और भिलाई-3 से आने वाले वाहन सिरसा गेट–मोतीपुर–अमलेश्वर मार्ग अपनाएं।
कुम्हारी अहिरवार से आने वाले वाहन कुम्हारी–उरला–खमरिया–अमलेश्वर मार्ग से यात्रा करें।
कुम्हारी टोल से रायपुर की ओर जाने वाले वाहन चंदनीडीह तक वन-वे मार्ग का पालन करें।

रायपुर से दुर्ग जाने के लिए मार्ग:
कार और बाइक चालक चंदनीडीह से बाएं मुड़कर पुराने पुल (रपटा) के जरिए कुम्हारी टोल तक जा सकते हैं।
भटगांव या रायपुरा से अमलेश्वर–मोतीपुर होते हुए भिलाई और दुर्ग की ओर जा सकते हैं।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नए रूट प्लान का पालन करें और जरूरी कार्य जैसे एयरपोर्ट, अस्पताल, रेलवे स्टेशन या परीक्षाओं के लिए निकलते समय अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Scroll to Top