कोरबा में मंदिर में तोड़फोड़ और आगजनी, शिवलिंग उखाड़कर तालाब में फेंका, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक युवक द्वारा मंदिर परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी की गंभीर घटना सामने आई है। आरोपी ने शिव मंदिर में आग लगाने के बाद हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर वहां भी आगजनी की और शिवलिंग को उखाड़कर तालाब में फेंक दिया।

यह मामला कटघोरा थाना क्षेत्र के जटगा चौकी इलाके का है। जानकारी के अनुसार, युवक ने पहले शिव मंदिर को निशाना बनाया और वहां आग लगा दी। इसके बाद वह पास में स्थित हनुमान मंदिर पहुंचा, जहां ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां भी नुकसान पहुंचाया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पहले भी कुछ महीनों पूर्व मंदिर परिसर में इसी तरह की तोड़फोड़ की घटना हो चुकी है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बैकुंठपुर निवासी रोहित खैरवार के रूप में हुई है, जो जटगा में अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी नशे में था या उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी।

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Scroll to Top