पुलिस ने लौटाए सोने-चांदी समेत 3-लाख का सामान:बिलासपुर में पुलिस को मिला था लावारिस सूटकेस, सीसीटीवी के जरिए झारखंड के युवक की हुई पहचान

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने अपनी सतर्कता और ईमानदारी का उदाहरण पेश करते हुए लावारिस सूटकेस उसके असली मालिक को सुरक्षित लौटा दिया। सूटकेस में करीब 3 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और कपड़े रखे हुए थे।

यह मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल की देर रात गश्त के दौरान पुलिस को एक लावारिस सूटकेस मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत सूटकेस को अपने कब्जे में लेकर थाने में सुरक्षित रखा और उसके मालिक की तलाश शुरू की।

टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर झारखंड के पलामू जिले के रहने वाले युवक की पहचान की गई। जांच में पता चला कि शेख आलमगीर नाम का युवक बिलासपुर अपने ससुराल आया था और बस से उतरने के दौरान शिवघाट इलाके में अपना सूटकेस भूल गया था।

ससुराल पहुंचने के बाद जब उसे सूटकेस के गायब होने का पता चला तो वह उसे खोजने में जुट गया। इसी बीच पुलिस ने सीसीटीवी के जरिए उसकी पहचान कर उसके परिजनों से संपर्क किया और उसे थाने बुलाया।

थाने में सूटकेस का ताला खोलकर जांच की गई, जिसमें करीब 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और अन्य सामान मिले। सभी सामान सुरक्षित मिलने पर पुलिस ने सूटकेस उसके मालिक को सौंप दिया।

अपना कीमती सामान वापस पाकर शेख आलमगीर ने पुलिस का आभार जताया और उनकी तत्परता व ईमानदारी की सराहना की।

Scroll to Top