कोरबा। भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन उरगा–बिलासपुर मार्ग पर असामाजिक तत्वों द्वारा खुलेआम अवैध वसूली का मामला सामने आया है। टोल टैक्स शुरू न होने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा रास्ता रोककर वाहन चालकों से जबरन पैसे वसूले जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।
रविवार को स्थिति और गंभीर हो गई जब कुछ लोगों ने सड़क पर मृत मवेशियों के शव रखकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया और वहां से गुजरने वाले वाहनों से अवैध रूप से पैसे वसूलने लगे। इस घटना के दौरान रायपुर जा रही महाराणा प्रताप नगर की पूर्व पार्षद आशा जायसवाल की बेटी भी इस वसूली का शिकार बनी।
उन्होंने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें हाईवे पर हो रही अवैध वसूली और यात्रियों की परेशानी को उजागर किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद निर्माणाधीन मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर पहले भी इस तरह की अवैध वसूली की कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं और इसके वीडियो भी वायरल हुए हैं, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
इस मार्ग का उपयोग रायपुर और बिलासपुर के बीच तेज़ आवागमन के लिए बड़ी संख्या में लोग कर रहे हैं, लेकिन असामाजिक गतिविधियों के कारण यात्रियों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना हुआ है। अब लोगों की नजर प्रशासन की सख्त कार्रवाई पर टिकी हुई है।



