कोरबा मेडिकल कॉलेज परिसर में कबाड़ गाड़ियों में लगी आग, छह वाहन जलकर नष्ट

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में सोमवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के पीछे लंबे समय से खड़ी पुरानी और अनुपयोगी गाड़ियों में आग भड़क उठी, जिससे कुछ ही देर में आसपास का इलाका धुएं से भर गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते छह वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल परिसर के पीछे कई पुरानी गाड़ियां कबाड़ के रूप में खड़ी थीं। अचानक इन्हीं वाहनों में आग लग गई और आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। धुएं और आग की लपटों को देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

दमकल की टीम पहुंचने में हुई देरी

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पहले खुद ही आग बुझाने की कोशिश की और साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी। बताया जा रहा है कि दमकल की टीम को मौके पर पहुंचने में कुछ समय लग गया, जिसके कारण आग ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, तब तक छह वाहन पूरी तरह जल चुके थे।

पास में है डॉक्टरों और स्टाफ की कॉलोनी

जिस स्थान पर आग लगी, उसके पास ही डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी स्थित है। आग लगने की खबर से कॉलोनी में रहने वाले लोगों में भी डर का माहौल बन गया। हालांकि दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया और उसे आगे फैलने से रोक दिया।

पहले भी उठते रहे हैं सुरक्षा के सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से पुरानी गाड़ियां और अन्य कबाड़ पड़ा हुआ था, जिसे हटाने की मांग कई बार उठाई जा चुकी है। लोगों का यह भी कहना है कि जिस जगह पर यह गाड़ियां खड़ी थीं, वहां अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था।

बताया जा रहा है कि पास में संचालित ओएसटी सेंटर में आने वाले कुछ नशे के आदी युवक भी कई बार इन गाड़ियों के आसपास बैठते देखे जाते थे।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व की हरकत से आग लगी हो सकती है। घटना के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और कबाड़ वाहनों को हटाने को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Scroll to Top