छत्तीसगढ़: प्रेम प्रसंग के आरोप में विधवा महिला को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया, गोबर पोतकर की पिटाई, VIDEO वायरल

छत्तीसगढ़ के गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पेंड्रा के खोडरी चौकी अंतर्गत रानीझाप गांव में एक विधवा महिला के साथ बर्बरता की गई। कथित प्रेम प्रसंग को लेकर महिला को सरेआम अपमानित किया गया, उसके कपड़े उतारकर पूरे गांव में घुमाया गया और जूते-चप्पलों से बेरहमी से पीटा गया। आरोपियों ने महिला के चेहरे पर गोबर भी पोत दिया। इस अमानवीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता का गांव के ही एक शादीशुदा युवक से प्रेम संबंध था। युवक के परिजनों का आरोप है कि महिला उसके साथ घर से भाग गई थी। जब महिला गांव लौटी तो युवक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे ‘घर उजाड़ने’ की सजा देने के नाम पर हिंसा का शिकार बनाया। घटना के दौरान आरोपी यह कहते हुए नजर आए कि “घर तोड़ने की सजा क्या होती है, अब सोच ले।”

ग्रामीणों ने किसी तरह महिला को बचाया

घटना की जानकारी मिलने पर गांव के कुछ लोगों और पीड़िता के परिजनों ने बीच-बचाव कर महिला को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अपने साथ ले गई।

तीन आरोपी गिरफ्तार, जमानत पर रिहा

पुलिस ने मामले में युवक की पत्नी, भाई और बहन को गिरफ्तार किया है। हालांकि, कोर्ट के निर्देशों के अनुसार तीनों आरोपियों को नोटिस पर जमानत दे दी गई। थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले में अन्य धाराएं जोड़ने पर भी विचार किया जा रहा है।

एसपी पहुंचे गांव, शांति बनाए रखने की अपील

घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार को पुलिस अधीक्षक मनोज खेलारी खुद पुलिस टीम के साथ रानीझाप गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। एसपी ने पीड़िता के परिजनों से भी मुलाकात की।

पति की मौत के बाद शुरू हुआ संबंध

बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला के पति की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसका गांव के ही एक शादीशुदा युवक से प्रेम संबंध हो गया। दोनों पिछले साल अक्टूबर में घर छोड़कर मध्य प्रदेश चले गए थे और हाल ही में गांव लौटे थे।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top