अंबिकापुर के बिलासपुर चौक के पास शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार 8 चक्का हाईवा की टक्कर से बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिर पड़े, जिनमें से एक युवक हाईवा की चपेट में आ गया। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की है। फुटेज में देखा जा सकता है कि टक्कर के बाद बाइक से गिरे युवक के ऊपर से हाईवा गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांधीनगर के मुक्तिपारा निवासी दीपक मानिकपुरी (38) अपने दोस्त रवि के साथ बाइक से मणिपुर की ओर जा रहे थे। रात करीब 9 बजे बिलासपुर चौक के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को टक्कर मार दी। संतुलन बिगड़ने से दोनों युवक सड़क पर गिर गए। इसी दौरान दीपक हाईवा के नीचे आ गया।
हादसे में रवि भी घायल हुआ, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे नशे की हालत में बाइक चलाने का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने फरार हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बाइक चालक की लापरवाही और नशे की पुष्टि हुई है। वहीं, हाईवा चालक की तेज रफ्तार और मौके से फरार होना भी गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।
शहर में बढ़ते हिट एंड रन पर सवाल
अंबिकापुर शहर और उसके प्रवेश मार्गों पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार जानलेवा साबित हो रही है। रिंग रोड और व्यस्त इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही से हादसों की संख्या बढ़ती जा रही है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

