अंबिकापुर में NH-43 पर घटिया मरम्मत का खुलासा, वीडियो वायरल होने के बाद सब इंजीनियर निलंबित
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नेशनल हाईवे-43 पर करोड़ों रुपये की लागत से की गई सड़क मरम्मत महज एक रात भी नहीं टिक पाई। 20 दिसंबर की रात किए गए बीटी पैच रिपेयरिंग का काम अगली सुबह उखड़ गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
वीडियो सामने आने के बाद निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे और मामले में कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे विभाग ने संबंधित सब इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया है।
कचरा गाड़ी में भरकर हटाया गया उखड़ा मटेरियल
जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर के सदर रोड पर शनिवार देर रात बीटी पैच रिपेयरिंग कराई गई थी। सुबह होते-होते करीब 7 मीटर सड़क उखड़ गई। हालात ऐसे थे कि निगम के कर्मचारियों को बेलचे से मटेरियल समेटकर कचरा वाहन में भरकर ले जाना पड़ा। स्थानीय लोगों ने इस पूरी प्रक्रिया का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
6 करोड़ की योजना में केवल 600 मीटर का काम
नेशनल हाईवे-43 पर कुल 12 किलोमीटर सड़क मरम्मत के लिए लगभग 6 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें से करीब 600 मीटर हिस्से में रिपेयरिंग की गई थी, लेकिन उसी में से 7 मीटर सड़क पूरी तरह से खराब हो गई।
जांच रिपोर्ट के बाद गिरी कार्रवाई की गाज
घटिया कार्य को लेकर बिलासपुर स्थित नेशनल हाईवे के अधीक्षण अभियंता ने प्रतिवेदन और फोटो मुख्य अभियंता, रायपुर को भेजे थे। रिपोर्ट के आधार पर गुणवत्ता में लापरवाही बरतने के आरोप में सब इंजीनियर नवीन सिन्हा को निलंबित कर दिया गया। साथ ही उनका मुख्यालय एसई कार्यालय, बिलासपुर कर दिया गया है।
ठंड और तकनीकी खराबी बताई गई वजह
नेशनल हाईवे के एसडीओ निखिल लकड़ा ने सफाई देते हुए बताया कि सदर रोड शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग है, इसलिए दिन में काम संभव नहीं था। रात में कार्य के दौरान रोलर में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे मटेरियल ठंडा हो गया और सही ढंग से कंम्पेक्शन नहीं हो सका। इसी कारण 7 मीटर सड़क को हटवाया गया और बाद में दोबारा निर्माण कराया गया।
कलेक्टर ने दिए गुणवत्ता पर सख्ती के निर्देश
सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि नेशनल हाईवे के अधिकारियों को सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। तकनीकी कारणों से जो हिस्सा खराब हुआ था, उसे दोबारा बनवा दिया गया है।

