रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले विदेशी छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। छात्र की मौत यूनिवर्सिटी की चार मंजिला इमारत से गिरने के कारण हुई है। मृतक छात्र की पहचान सैम के रूप में हुई है, जो लाइबेरिया का निवासी था और विश्वविद्यालय में एमबीए सेकेंड ईयर का छात्र था।
घटना के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आई है। आरोप है कि एक विदेशी मूल की छात्रा से कहासुनी के बाद उसके बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर सैम को इमारत की चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया।

विवाद के बाद गिरा छात्र, मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को यूनिवर्सिटी परिसर की चार मंजिला बिल्डिंग से एक छात्र के गिरने की सूचना मिली। जब छात्र को देखा गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गंभीर चोटों के निशान शरीर के कई हिस्सों पर पाए गए। सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक छात्र सैम और एक विदेशी छात्रा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान छात्रा का बॉयफ्रेंड भी वहां पहुंच गया। कहासुनी बढ़ने के बाद सैम चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। हालांकि, परिजनों और साथियों का आरोप है कि उसे जानबूझकर नीचे धकेला गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो ने किया आत्मसमर्पण
मामले में पुलिस ने साउथ सूडान निवासी नोई कोंडेट और उसकी गर्लफ्रेंड फेथ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में कुल चार लोगों की भूमिका सामने आई है। इनमें से दो अन्य आरोपियों ने भिलाई में सरेंडर किया है, जिन्हें लेने के लिए रायपुर पुलिस की टीम रवाना हो चुकी है।
हर एंगल से जांच जारी
मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत की वजह ऊंचाई से गिरना प्रतीत हो रही है, लेकिन यह दुर्घटना थी या हत्या—इस बिंदु पर जांच जारी है। पुलिस छात्रों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

