दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम समोदा में काम के दौरान हुए एक छोटे से विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना 27 मार्च की बताई जा रही है। हमले में बुरी तरह घायल हुए 55 वर्षीय गोविंद यादव ने करीब छह दिन तक अस्पताल में जीवन से संघर्ष करने के बाद दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, काम करते समय गोविंद यादव ने अपने सहकर्मी परमेश्वर यादव को सावधानी बरतने के लिए कहा था कि वह किनारे हट जाए, क्योंकि उसके ऊपर बोरी गिर सकती है। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई।

आरोप है कि गुस्से में आकर परमेश्वर यादव ने धारदार हथियार से गोविंद यादव पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां लगातार उपचार चल रहा था, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका और छह दिन बाद उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। परिवार में पत्नी, एक बेटी और तीन बेटे हैं, जिन पर अब आर्थिक संकट गहराने की आशंका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल की मरचुरी में रखा गया है।

