दंतेवाड़ा जिले में स्वास्थ्य विभाग के तहत विभिन्न पदों पर भर्ती निकाली गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) दंतेवाड़ा ने स्टाफ नर्स, चिकित्सा अधिकारी, फिजियोथेरेपिस्ट, फार्मासिस्ट और अन्य पदों सहित कुल 23 रिक्तियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
भर्ती प्रक्रिया के तहत चिकित्सा अधिकारी (RBSK) के 6 पद, दंत शल्य चिकित्सक का 1 पद, फिजियोथेरेपिस्ट के 4 पद, फार्मासिस्ट का 1 पद, स्टाफ नर्स (SNCU) के 5 पद, तकनीकी सहायक का 1 पद, सचिव सहायक का 1 पद और सुरक्षा गार्ड के 4 पद शामिल हैं।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 अप्रैल से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 4 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन CMHO दंतेवाड़ा की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किए जाएंगे।
इन पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों के पास संबंधित विषय में डिग्री, डिप्लोमा या पंजीकरण प्रमाणपत्र होना आवश्यक है। कुछ पदों के लिए बीएससी नर्सिंग, जीएनएम, बीपीटी, बीडीएस, फार्मेसी डिग्री या कंप्यूटर डिप्लोमा मांगा गया है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 से 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 से 70 वर्ष तक निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया में स्क्रीनिंग, इंटरव्यू, स्किल टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन शामिल रहेगा। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 10 हजार से 27 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 300 रुपए, ओबीसी वर्ग के लिए 200 रुपए और एससी, एसटी, दिव्यांग तथा महिला उम्मीदवारों के लिए 100 रुपए तय किया गया है।
अधिक जानकारी और आवेदन के लिए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती से जुड़ी अधिसूचना देख सकते हैं।



