CSEB में नए बिजली कनेक्शन के नाम पर साइबर ठगी, उपभोक्ताओं को कंपनी ने किया सतर्क

रायपुर: छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (CSPDCL) ने उपभोक्ताओं को साइबर ठगी के प्रति सावधान किया है। हाल ही में, कंपनी के नाम पर व्हाट्सएप के जरिए नए बिजली कनेक्शन का भुगतान करने और APK फाइल भेजने के मामले सामने आए हैं।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि नए कनेक्शन या किसी भी भुगतान के लिए वह कभी भी व्हाट्सएप पर APK फाइल नहीं भेजती और न ही 10 अंकों वाले मोबाइल नंबर से कोई लिंक या संदेश भेजती है। ऐसे किसी भी संदिग्ध संदेश को डाउनलोड या क्लिक न करने की सलाह दी गई है।

साइबर ठगी के तरीके

कंपनी के कार्यपालक निदेशक (ऊर्जा एवं आईटी) वी.के. साय ने बताया कि कुछ जिलों में उपभोक्ताओं को नकली APK फाइल भेजी गई, जिसे डाउनलोड करने के बाद मोबाइल हैक हो गया और बैंक खातों से पैसे चोरी हो गए। ऐसे मामलों की शिकायतें पुलिस में दर्ज कराई गई हैं

उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी बिजली कनेक्शन काटने या नया कनेक्शन देने के नाम पर उपभोक्ताओं को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। इसलिए, बिजली से संबंधित भुगतान केवल निर्धारित और अधिकृत माध्यमों से ही करें।

आधिकारिक संपर्क और सुरक्षा उपाय

CSPDCL ने बताया कि वह संदेश भेजने के लिए केवल CSPDCL-S सेंडर आईडी का उपयोग करती है। भुगतान की सुविधा केवल संबंधित बिजली कार्यालय, ATP केंद्र, Mor Bijli App या कंपनी की अधिकृत वेबसाइट पर उपलब्ध है।

संपर्क और जानकारी के लिए उपभोक्ता केंद्रीकृत कॉल सेंटर 1912 या नजदीकी वितरण केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

Scroll to Top