बिरगांव, 27 अप्रैल 2025 — कश्मीर के पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले ने पूरे देश को गम और गुस्से से भर दिया है। 28 मासूम पर्यटकों को धर्म के आधार पर चुनकर मौत के घाट उतारने की इस वीभत्स घटना के खिलाफ अब हर कोने से विरोध की आवाजें उठने लगी हैं।
बिरगांव के शिवाजी चौक में रविवार को बजरंग दल बंजारी प्रखंड के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। चौक के बीचोंबीच पाकिस्तान का झंडा बनाया गया, जिसे आम नागरिकों और राहगीरों ने अपने पैरों तले रौंदा। गाड़ियों ने भी उसे कुचलते हुए अपना आक्रोश जाहिर किया।
“पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, हर चेहरे पर शहीदों के लिए दर्द और आतंक के खिलाफ गुस्सा साफ नजर आ रहा था।

स्थानीय नागरिकों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब केवल निंदा और बयानबाजी से काम नहीं चलेगा — देश को ठोस कार्रवाई करनी होगी। आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने की मांग पूरे देश में तेजी से उठ रही है।
आज पूरा भारत एकजुट होकर एक ही स्वर में कह रहा है:
“शहीदों का खून बेकार नहीं जाएगा।”

