बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 9वीं कक्षा की एक छात्रा ने मोबाइल चलाने से रोके जाने पर आत्महत्या कर ली। घटना 3 नवंबर देर रात की है, जब छात्रा अदिति कठौते (14) मोबाइल देख रही थी। बड़ी बहन ने उसे मना किया तो वह नाराज होकर घर से भाग गई और अरपा नदी के छठ घाट पर जाकर कूद गई।

यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर की है। बताया गया कि अदिति के पिता अरुण कठौते और बड़ी बहन चेतना उसके पीछे-पीछे दौड़े, लेकिन जब तक वे पहुंचते, अदिति नदी में छलांग लगा चुकी थी। बहन के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दो युवकों ने अदिति को बचाने की कोशिश भी की, पर पानी गहरा होने से वे आगे नहीं बढ़ सके।

सुबह मिली छात्रा की लाश, एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या और एएसआई देवेंद्र तिवारी रात में ही मौके पर पहुंचे, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान संभव नहीं हो सका।
मंगलवार की सुबह एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद छात्रा का शव नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले में मर्ग दर्ज कर जांच जारी है।

