बिलासपुर के नेहरू नगर स्थित अर्चना विहार में देर रात गैस सिलेंडर फटने से एक घर को भारी नुकसान पहुंचा। धमाका इतना तेज था कि मकान की दीवारें, दरवाजे और खिड़कियां तक टूट गईं। हादसे में करीब 18 से 20 लाख रुपये के सामान के नष्ट होने का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।
घटना रात लगभग 3 बजे की बताई जा रही है। प्रभावित परिवार के सदस्य अंकुर कुमार चौबे के अनुसार धमाके के बाद पूरे घर में धुआं और मलबा फैल गया। टीवी, फ्रिज सहित घर का अधिकांश सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शादी के लिए रखा गया सामान भी बर्बाद हो गया।

माता-पिता घर में थे, सुरक्षित बाहर निकले
अंकुर चौबे ने बताया कि उनके माता-पिता उस समय घर में मौजूद थे। धमाके के बाद वे किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे और सुरक्षित बच गए। अंकुर जब देर रात अपनी ड्यूटी से लौटे, तब उन्हें इस हादसे की जानकारी मिली। जिस कमरे में सिलेंडर रखा था, वहीं विस्फोट हुआ और मौके पर फटा हुआ सिलेंडर भी मिला।
शहर में दूसरी बड़ी घटना
बताया जा रहा है कि हाल के समय में शहर में सिलेंडर फटने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले हुए एक ब्लास्ट में एक महिला की जान चली गई थी। दोनों मामलों में विस्फोट के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।

ब्लास्ट की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
सिलेंडर फटने के पीछे क्या कारण था, इसकी जांच की जा रही है। यह सवाल बना हुआ है कि सिलेंडर में किस प्रकार की खराबी थी, जिसके कारण इतना बड़ा धमाका हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की गहराई से जांच कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।

