बैग चोरी के शक में बाजार में बवाल, महिलाओं ने बाल पकड़कर घसीटा; मारपीट का VIDEO वायरल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार बाजार के दौरान बैग चोरी के शक में दुकानदार और ग्राहकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी एक-दूसरे पर हाथापाई की और बाल पकड़कर सड़क पर घसीटती नजर आईं। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रिवर व्यू रोड पर लगने वाले संडे मार्केट का है। यहां राजीव गांधी चौक निवासी नरेंद्र तेंदुलकर बैग की दुकान लगाते हैं। रविवार शाम करीब 7 बजे चंद्रकुमार अपनी पत्नी के साथ खरीदारी करने वहां पहुंचा।

बैग चोरी के शक से शुरू हुआ विवाद

दुकानदार की पत्नी को संदेह हुआ कि चंद्रकुमार के साथ आई महिला ने चुपके से एक बैग अपने थैले में रख लिया है। जब उसने इस बारे में पूछताछ की तो महिला ने आरोप से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।

मुक्का लगते ही बढ़ा झगड़ा

बहस के दौरान चंद्रकुमार ने दुकानदार के चेहरे पर मुक्का मार दिया, जिससे मामला और भड़क गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे और बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

महिलाओं के बीच भी जमकर हाथापाई

विवाद बढ़ने पर दोनों परिवारों की महिलाएं भी भिड़ गईं। उन्होंने एक-दूसरे को बाल पकड़कर घसीटा, जमीन पर गिराया और कपड़े तक फाड़ दिए। बीच सड़क हुई इस मारपीट से आसपास मौजूद लोग सहम गए।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि मामूली आरोप से शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

वीडियो वायरल होने के बाद दुकानदार नरेंद्र तेंदुलकर ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी चंद्रकुमार के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

Scroll to Top