बिलासपुर। कोटा पुलिस ने राहगीरों को इमरजेंसी कॉल करने के बहाने रोककर मोबाइल लूटने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात के 48 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, जोगीपुर निवासी 19 वर्षीय योगेश यादव ने 24 जुलाई को कोटा थाने में मोबाइल लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सूरजपुर पुल के पास कुछ युवकों ने इमरजेंसी कॉल करने की बात कहकर उन्हें रोका।
जैसे ही योगेश ने कॉल के लिए मोबाइल निकाला, आरोपियों ने अचानक झपट्टा मारकर फोन छीन लिया। इसके बाद उनकी बाइक को धक्का देकर गिराया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने राकेश उर्फ टार्जन पोर्ते, दिव्यांशु उर्फ कोल और तुषार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों अभय यादव, सुरेश पोर्ते और राहुल उर्फ भोला पोर्ते के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी राकेश पोर्ते के पास से लूटा गया मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राकेश उर्फ टार्जन पोर्ते (19), दिव्यांशु उर्फ कोल (20), तुषार साहू (25), अभय यादव (19), सुरेश पोर्ते (18) और राहुल उर्फ भोला पोर्ते (19) शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

